‘Instagram सिर्फ लड़कियों के लिए है!’ Elon Musk के बयान से मचा बवाल
टेस्ला और X (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने इंस्टाग्राम को 'लड़कियों का प्लेटफॉर्म' कहकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. मस्क का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई है.
कहां से शुरू हुआ पूरा मामला?
यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वायरल थ्रेड चल रहा था. इस थ्रेड में लोग मजाकिया अंदाज में बता रहे थे कि किसी व्यक्ति की सोशल मीडिया आदतें उसकी जिंदगी के अलग-अलग फेज को कैसे दर्शाती हैं. इसमें लगातार स्टोरी डालना, आकर्षक तस्वीरें पोस्ट करना, खाने की फोटो शेयर करना और लाइफस्टाइल कंटेंट जैसी चीजों का जिक्र था. इसी चर्चा के बीच एलन मस्क ने एक छोटा सा कमेंट किया, जिसमें उन्होंने लिखा ‘Instagram is for girls’. यानी उनके मुताबिक इंस्टाग्राम मुख्य रूप से लड़कियों के इस्तेमाल का प्लेटफॉर्म है. उनका यह बयान कुछ ही देर में इंटरनेट पर आग की तरह फैल गया.
दूसरे बयान से और बढ़ा विवाद
मामला यहीं नहीं थमा. जब मस्क के पहले बयान पर लोगों की जोरदार प्रतिक्रियाएं आने लगीं, तो उन्होंने एक और टिप्पणी कर दी. उन्होंने लिखा कि कई बार बड़े पुरुष उन्हें अपना इंस्टाग्राम प्रोफाइल भेजते हैं और उन्हें ऐसा लगता है जैसे वे 'ट्रांजिशन' कर रहे हों. उनके इस दूसरे बयान को लेकर सोशल मीडिया पर और भी ज्यादा आलोचना हुई. कई यूजर्स ने इसे महिलाओं और जेंडर पहचान को लेकर अपमानजनक सोच बताया. वहीं, कुछ लोगों का यह भी मानना है कि मस्क अक्सर जानबूझकर ऐसे बयान देते हैं ताकि इंटरनेट पर बहस छिड़े और उनका नाम चर्चा में बना रहे.
इंस्टाग्राम के कंटेंट को लेकर मस्क की सोच
एलन मस्क पहले भी कई बार ऐसे संकेत दे चुके हैं कि वे कुछ खास तरह के सोशल मीडिया कंटेंट को गंभीरता से नहीं लेते. खासतौर पर फैशन, लाइफस्टाइल, सेल्फी, गॉसिप या रोजमर्रा की तस्वीरों वाले कंटेंट को वे हल्का और गैर-जरूरी मानते हैं. दिलचस्प बात यह है कि यही कंटेंट इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय भी है.
मस्क लंबे समय से जेंडर ट्रांजिशन और आधुनिक सोशल ट्रेंड्स को लेकर भी आलोचनात्मक राय रखते आए हैं. इसलिए उनके इस बयान को सिर्फ एक मजाक नहीं, बल्कि उनकी निजी सोच से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
क्या X को बढ़ावा देने की है कोशिश?
कई लोगों का मानना है कि मस्क के ऐसे बयान सिर्फ विवाद पैदा करने के लिए नहीं होते, बल्कि वे इसके जरिए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को भी प्रमोट करते हैं. इसी दौरान उन्होंने सोशल मीडिया एल्गोरिद्म पर चर्चा करते हुए दावा किया कि केवल X ही ऐसा प्लेटफॉर्म है जो खुलकर काम करता है, जबकि बाकी कंपनियां बंद सिस्टम के जरिए यूजर्स को कंटेंट दिखाती हैं.
मेटा प्लेटफॉर्म्स पर पहले भी साध चुके हैं निशाना
Meta और उसके सीईओ मार्क जुकरबर्ग के साथ एलन मस्क की तनातनी किसी से छिपी नहीं है. दोनों के बीच पहले भी कई बार सार्वजनिक बयानबाजी हो चुकी है. कुछ हफ्ते पहले मस्क ने WhatsApp को लेकर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा था कि व्हाट्सऐप पर भरोसा नहीं किया जा सकता और लोगों को ऑडियो-वीडियो कॉलिंग के लिए X का इस्तेमाल करना चाहिए. अब इंस्टाग्राम पर दिए गए उनके ताजा बयान ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक नई बहस को जन्म दे दिया है.