दिसंबर का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, बैंकिंग सुविधाओं, निवेश के तरीकों और सरकारी सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदलने जा रहे हैं। 1 दिसंबर 2026 से SBI क्रेडिट कार्ड के कुछ ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज देना होगा, कमोडिटी बाजार में ट्रेडिंग करने वालों के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे, आधार में ईमेल अपडेट कराने की मुफ्त सुविधा जारी रहेगी और पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की आखिरी तारीख भी बेहद करीब है। LPG सिलेंडर की कीमतों में भी हर महीने की तरह समीक्षा होगी तथा RBI की मौद्रिक नीति समिति की बैठक पर सबकी नजर रहेगी। ऐसे में महीने की शुरुआत से पहले इन बदलावों को अच्छी तरह समझ लेना जरूरी है ताकि कोई अनचाही परेशानी न झेलनी पड़े।

SBI क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करना पड़ेगा महंगा

अगर आप SBI क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं तो 1 दिसंबर 2026 से आपको कुछ खास ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त चार्ज देना पड़ सकता है। SBI कार्ड ने ट्रांसपोर्टेशन और फ्यूल से जुड़े बड़े ट्रांजैक्शन पर एक प्रतिशत फीस लगाने का फैसला किया है। यह नियम सभी SBI क्रेडिट कार्ड वैरिएंट्स पर लागू होगा।

ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े लेनदेन में 30,000 रुपये से ज्यादा के हर योग्य ट्रांजैक्शन पर एक प्रतिशत फीस लगेगी। यह चार्ज हर ट्रांजैक्शन के आधार पर लगेगा, न कि पूरे महीने के खर्च पर। उदाहरण के लिए, अगर आपने एक बार में 35,000 रुपये का ट्रांसपोर्टेशन पेमेंट किया तो आपको 350 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। यह फीस मर्चेंट कैटेगरी कोड 4111, 4784 और 4131 वाले लेनदेन पर लागू होगी, जिनमें लोकल ट्रांसपोर्ट, टोल और बस सेवाएं शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:- 'योगी जी नहीं तो यूपी नहीं...', सीएम फेस की चर्चाओं के बीच संजय राउत का बड़ा बयान

फ्यूल खर्च पर भी नियम अलग तरीके से लागू होगा। अगर किसी बिलिंग साइकिल में आपके SBI क्रेडिट कार्ड से कुल फ्यूल खर्च 50,000 रुपये से ज्यादा हो जाता है तो पूरे फ्यूल खर्च पर एक प्रतिशत फीस लगेगी। यानी अगर आपने 60,000 रुपये का फ्यूल खर्च किया तो 600 रुपये की अतिरिक्त फीस लगेगी। यह फीस एमसीसी 5172, 5541, 5542 और 5983 वाले लेनदेन पर लगेगी। फ्लीट ऑपरेटर्स, टैक्सी व्यवसायी और ज्यादा फ्यूल खर्च करने वाले ग्राहकों पर इसका असर ज्यादा पड़ सकता है। कार्डधारकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने खर्चों पर नजर रखें और जरूरत पड़ने पर अन्य भुगतान विकल्पों का इस्तेमाल करें।

कमोडिटी ट्रेडिंग के मार्जिन नियम बदलेंगे

1 दिसंबर 2026 से कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग करने वालों के लिए SEBI के नए मार्जिन नियम लागू होंगे। अब कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव यानी वोलैटिलिटी के आधार पर न्यूनतम शुरुआती मार्जिन तय होगा। नए नियम कृषि और गैर-कृषि दोनों तरह की कमोडिटीज पर समान रूप से लागू होंगे।

नए नियम के मुताबिक कम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर छह प्रतिशत मार्जिन, मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर आठ प्रतिशत मार्जिन और ज्यादा वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी पर दस प्रतिशत मार्जिन लगेगा। इसके अलावा कम और मध्यम वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए मार्जिन पीरियड ऑफ रिस्क दो दिन तथा ज्यादा वोलैटिलिटी वाली कमोडिटी के लिए तीन दिन होगा। इससे ट्रेडर्स को अपनी पोजीशन के हिसाब से ज्यादा या कम फंड रखना पड़ सकता है। SEBI ने यह बदलाव हितधारकों की राय और जोखिम प्रबंधन समीक्षा समिति की सिफारिशों के आधार पर किया है। ये नियम एक साल तक लागू रहेंगे। ट्रेडर्स को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है और मार्जिन की जरूरत को ध्यान में रखते हुए पूंजी का प्रबंधन करना होगा।

विदेश में रहने वाले निवेशकों के लिए आसान होगी KYC

SEBI के नए नियमों के तहत NRI, OCI और FATF के नियमों का पालन करने वाले देशों में रहने वाले योग्य विदेशी निवेशकों के लिए KYC प्रक्रिया आसान होने जा रही है। 3 दिसंबर से योग्य निवेशक SEBI के साथ रजिस्टर्ड इंटरमीडियरी के जरिए रिमोट तरीके से KYC पूरी कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी। इससे विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय शेयर बाजार में निवेश करना आसान हो सकता है और बाजार में विदेशी पूंजी प्रवाह बढ़ने की संभावना है।

आधार में ईमेल अपडेट कराने का मुफ्त मौका

आधार कार्ड में अपना ईमेल एड्रेस अपडेट कराना चाहते हैं तो आपके पास 31 दिसंबर 2026 तक का मौका है। UIDAI ने आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट कराने पर लगने वाली 75 रुपये की फीस को माफ किया है। यह सुविधा 1 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी और 31 दिसंबर 2026 तक मुफ्त रहेगी। आधार धारक आधिकारिक आधार ऐप के माध्यम से आसानी से अपना ईमेल अपडेट कर सकते हैं। इससे महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर मिलने में मदद मिलेगी। जो लोग अभी तक आधार से ईमेल लिंक नहीं करवाए हैं या ईमेल बदल चुके हैं, उन्हें इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।

पेंशनर्स के लिए 30 नवंबर आखिरी तारीख

केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है। पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करना जरूरी होता है। पेंशनर्स डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण के जरिए ऑनलाइन भी अपना सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। अगर तय समय तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया जाता है तो पेंशन के भुगतान में देरी या रुकावट आ सकती है। पेंशनर्स को सलाह है कि वे समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि कोई बाधा न आए।

LPG सिलेंडर की कीमतों पर रहेगी नजर

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 दिसंबर को भी घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी हो सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और अन्य कारकों के आधार पर कीमतों में बदलाव हो सकता है। उपभोक्ताओं को नई कीमतों की जानकारी रखनी चाहिए।

RBI की बैठक पर भी रहेगी नजर

दिसंबर में रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक 2 से 4 दिसंबर तक होगी। इस बैठक में रेपो रेट को लेकर फैसला लिया जाएगा। अगर RBI रेपो रेट में बदलाव करता है तो इसका असर होम लोन और पर्सनल लोन जैसे कर्ज की ब्याज दरों पर पड़ सकता है। वर्तमान में रेपो रेट 5.50 प्रतिशत है और बाजार में 25 बेसिस पॉइंट बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है। महंगाई दर और आर्थिक आंकड़ों के आधार पर फैसला होगा। कर्ज लेने वालों को अपनी EMI पर संभावित असर का आकलन करना चाहिए।