प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर दो दिवसीय दौरे पर आए मोदी मंगलवार को 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वे 21वें ईस्ट एशिया सम्मेलन के शुरुआती सत्र को भी संबोधित करेंगे। इस यात्रा को भारत की एक्ट ईस्ट नीति और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

आसियान सम्मेलन और भारत की भूमिका

आसियान देशों के साथ संबंध भारत की विदेश नीति का अहम हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने रवाना होने से पहले कहा कि आसियान देशों से सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध अब व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और जन-जन के संपर्क तक फैल चुके हैं। वे साथी नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा विकास, कनेक्टिविटी और समृद्धि की साझा आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। इस वर्ष आसियान सम्मेलन की थीम “नेविगेटिंग द फ्यूचर” है। आसियान में अब 11 सदस्य देश शामिल हैं, जिनमें तिमोर-लेस्ते भी शामिल हो चुका है।

क्वाड नेताओं की अहम बैठक

मनीला में मंगलवार को क्वाड नेताओं की बैठक भी होने वाली है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल होंगे। यह बैठक लगभग दो साल बाद हो रही है। पिछली बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी। यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की पहली क्वाड बैठक होगी। बैठक में हिंद-प्रशांत में समुद्री सुरक्षा, मुक्त समुद्री मार्ग, महत्वपूर्ण खनिज और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

द्विपक्षीय बैठकें और भारतीय समुदाय से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इसके अलावा कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात तय है। भारतीय समुदाय से भी उनकी बातचीत होनी है। मोदी ने कहा कि वे फिलीपींस में बसे भारतीय समुदाय से मिलने को उत्सुक हैं, जिनके योगदान से दोनों देशों के बीच दोस्ती और मजबूत होती है। सोमवार शाम को राष्ट्रपति मार्कोस की ओर से आयोजित भव्य रात्रिभोज में मोदी शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने फिलीपींस की पारंपरिक पोशाक बारोंग तागालोग पहनी।

यह भी पढ़ें:- Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की दस्तक, कल से इन राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

हिंद-प्रशांत में स्थिरता का लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी का मानना है कि यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी में नई ऊर्जा भरेगी और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा लचीले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करेगी। ईस्ट एशिया सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें आसियान के 11 सदस्यों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस जैसे देश शामिल होते हैं।