भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने WhatsApp और WhatsApp Business के पुराने वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई-सीवियरिटी एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अगर आप लंबे समय से ऐप अपडेट नहीं कर रहे हैं तो आपके प्राइवेट चैट, फाइलें और संवेदनशील जानकारी हैकर्स के निशाने पर आ सकती है। एंड्रॉयड, आईओएस, मैक और विंडोज के यूजर्स को तुरंत नया सिक्योरिटी पैच इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।

सीईआरटी-इन के अनुसार, इन खामियों का फायदा उठाकर रिमोट अटैकर स्पेशली क्रॉफ्टेड मैसेज, अटैचमेंट या लिंक भेजकर डिवाइस पर कोड चला सकता है, डेटा चुरा सकता है या ऐप की सुरक्षा जांच को बायपास कर सकता है। मेटा ने पहले ही फिक्स्ड वर्जन जारी कर दिए हैं, इसलिए देरी करना खतरनाक साबित हो सकता है।

CERT-In की एडवाइजरी में क्या कहा गया है

इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम ने 26 नवंबर 2026 को CIVN-2026-0576 नंबर की वल्नरेबिलिटी नोट जारी की। इसमें WhatsApp और WhatsApp Business के कई प्लेटफॉर्म पर पांच सुरक्षा खामियों का जिक्र है। एजेंसी ने इसे हाई सीवियरिटी रेटिंग दी है।

इन खामियों में SQL इंजेक्शन, अटैचमेंट स्पूफिंग, सर्टिफिकेट चेन वैलिडेशन में गड़बड़ी और बाहरी एड-रिप्लाई यूआरएल की अधूरी जांच शामिल हैं। अटैकर इनका इस्तेमाल करके संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकता है, लोकल फाइलें डिलीट कर सकता है या कुछ मामलों में डिवाइस पर अपना कोड भी चला सकता है।

एक खामी CVE-2026-102769 में स्पेशली तैयार किए गए “ऑर्डर डिटेल्स” मैसेज के जरिए Android पर लोकल WhatsApp फाइलें डिलीट हो सकती हैं। दूसरी खामी में एड-रिप्लाई लिंक से यूजर का IP एड्रेस लीक होने का खतरा बताया गया है।

किन वर्जन पर खतरा है

CERT-In ने स्पष्ट रूप से प्रभावित वर्जन बताए हैं। WhatsApp for Android 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पहले वाले वर्जन, WhatsApp Business for Android 2.26.23.70 और 2.26.17.4 से पहले, WhatsApp for iOS 2.26.24.72 से पहले, WhatsApp Business for iOS 2.26.23.72 से पहले और Mac Desktop 2.26.23.72 से पहले वाले वर्जन असुरक्षित हैं। Windows के कुछ पुराने बिल्ड भी प्रभावित हैं।

अगर आपका ऐप इन वर्जन से पुराना है तो तुरंत अपडेट करना जरूरी है। मेटा ने नवंबर 2026 के सिक्योरिटी अपडेट में इन खामियों को पैच कर दिया है। सिर्फ ऑटो-अपडेट पर निर्भर न रहें, खुद चेक करके नया वर्जन इंस्टॉल करें।

हैकर्स कैसे हमला कर सकते हैं

अटैकर को सिर्फ एक स्पेशली क्रॉफ्टेड मैसेज, फाइल या लिंक भेजना होता है। यूजर के उस पर टैप करने या खोलने से खामी सक्रिय हो सकती है। कुछ मामलों में अनऑफिशियल क्लाइंट से भेजा गया मैसेज भी नुकसान पहुंचा सकता है।

यह भी पढ़ें:- WhatsApp का बड़ा धमाका! अब विदेश यात्रा के लिए ऐप से ही खरीदें eSIM, Jio समेत कई कंपनियों से साझेदारी

एक बार एक्सेस मिलने पर हैकर संवेदनशील चैट, मीडिया फाइलें या डिवाइस की अन्य जानकारी चुरा सकता है। कुछ खामियों से ऐप का डेटा मैनिपुलेट या डिलीट भी किया जा सकता है। हालांकि मेटा ने ज्यादातर मामलों में सक्रिय हमलों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन एक खामी के साथ स्पैम मैसेज इस्तेमाल होने की आशंका जताई गई है।

यूजर्स को क्या करना चाहिए

सबसे पहला और जरूरी कदम है ऐप को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करना। Android यूजर्स Google Play Store से, iPhone यूजर्स App Store से और डेस्कटॉप यूजर्स ऑफिशियल वेबसाइट या Microsoft Store से अपडेट लें। WhatsApp Business यूजर्स भी इसी तरह अपडेट करें।

इसके अलावा अनजान लिंक और अटैचमेंट पर क्लिक करने से बचें। WhatsApp Web या Desktop सेशन को लंबे समय तक खुला न छोड़ें। डिवाइस का ऑपरेटिंग सिस्टम भी अपडेट रखें। संगठनों को अपने कर्मचारियों को तुरंत अपडेट कराने की सलाह दी गई है।

CERT-In ने कहा है कि जब तक सभी प्रभावित ऐप अपडेट न हो जाएं, इन खामियों को गंभीर मानकर सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं।